Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

प्रेमी संग खौफनाक साजिश : पत्नी ने रचा लूट का ड्रामा, सुपारी से पति की हत्या—36 घंटे में सच बेनकाब

प्रेमी संग खौफनाक साजिश : पत्नी ने रचा लूट का ड्रामा, सुपारी से पति की हत्या—36 घंटे में सच बेनकाब
X


रिपोर्ट : विजय तिवारी

धार (मध्य प्रदेश) : राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण/बूंदीखेड़ी में मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या का मामला पुलिस जांच में एक सुनियोजित साजिश के रूप में सामने आया है। शुरुआती तौर पर इसे लूट के दौरान हुई वारदात बताया गया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल की परिस्थितियों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या की साजिश मृतक की पत्नी प्रियंका पुरोहित ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर रची थी।

पुलिस के अनुसार, घटना की रात घर में घुसकर बदमाशों द्वारा हमला, हत्या और लूट की कहानी गढ़ी गई। प्रियंका ने खुद को बंधक बनाए जाने की बात कही और पड़ोसियों को आवाज देकर घटना की जानकारी दी। हालांकि जांच के दौरान उसके बयान में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें पूरी साजिश उजागर हो गई।

जांच में सामने आया कि प्रियंका और कमलेश के बीच वर्षों से संबंध थे। दोनों के रिश्ते के चलते पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। देवकृष्ण से छुटकारा पाने के लिए 31 मार्च को कमलेश ने अपने परिचित सुरेंद्र भाटी से करीब एक लाख रुपये में हत्या की डील की और 50 हजार रुपये अग्रिम दिए। पहली तय तारीख पर वारदात नहीं हो सकी, जिसके बाद लगातार संपर्क और दबाव के बीच 7 अप्रैल की रात योजना को अंजाम दिया गया।

बताया गया कि वारदात से पहले घर की स्थिति इस तरह तैयार की गई थी कि आरोपी आसानी से अंदर प्रवेश कर सके। घटना के दौरान देवकृष्ण पर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। बाद में लूट का दृश्य तैयार करने के लिए घर का सामान अस्त-व्यस्त किया गया और प्रियंका को बंधक दिखाया गया, ताकि मामला डकैती जैसा लगे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की योजना कई दिनों से तैयार की जा रही थी और आरोपियों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था। तकनीकी जांच, विशेषकर मोबाइल लोकेशन और चैट के आधार पर प्रेमी कमलेश की भूमिका भी स्पष्ट हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने करीब 36 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी सुरेंद्र भाटी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश और घेराबंदी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के अनुसार, यह पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी, जिसमें आर्थिक लेन-देन और योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया गया। मामले की जांच में क्राइम ब्रांच सहित कई थानों की टीमों ने समन्वित रूप से कार्य किया।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि प्रियंका और देवकृष्ण का विवाह वर्ष 2015 में कम उम्र में हुआ था। बाद के वर्षों में प्रियंका का झुकाव कमलेश की ओर बढ़ा और यही संबंध इस हत्याकांड का प्रमुख कारण बना। पुलिस के अनुसार, निजी संबंधों में उत्पन्न विवाद और अविश्वास ने अंततः इस गंभीर अपराध का रूप ले लिया।

Next Story
Share it