अफ्रीका से बनारस तक फैला सोना तस्करी का नेटवर्क, 3.5 करोड़ से अधिक का सोना बरामद

रिपोर्ट : विजय तिवारी
वाराणसी।
अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त अभियान में करीब 3.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का दो किलोग्राम से ज्यादा सोना बरामद किया गया है। इस मामले में महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के लिए कोरियर के रूप में काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को पहले से तस्करी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान दो संदिग्ध युवकों के पास से भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे तस्करी के इस नेटवर्क के लिए सोना एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद सोना अफ्रीकी देशों से पहले बांग्लादेश पहुंचाया जाता था। वहां से इसे अवैध रूप से सीमा पार कराकर पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत में लाया जाता था। इसके बाद तस्कर ट्रेन के जरिए इसे उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के शहरों तक पहुंचाते थे, जहां इसे स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से बाजार में खपा दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक पेशे से पेंटर बताया जा रहा है, जबकि दूसरा छात्र है। दोनों को गिरोह के लिए बतौर कोरियर इस्तेमाल किया जाता था ताकि उन पर शक कम हो। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी बताया कि पिछले तीन वर्षों में लगभग 35 बार इसी तरह सोने की तस्करी की जा चुकी है और हर बार अलग-अलग मार्ग और ट्रेन का इस्तेमाल किया जाता था।
इस खुलासे के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्टम विभाग और आयकर विभाग के अधिकारी भी जांच में शामिल हो गए हैं। एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि भारत के भीतर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं और बरामद सोना किन व्यापारिक चैनलों के जरिए बाजार में खपाया जाता था।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है, इसलिए इसके विदेशी संपर्कों और फंडिंग की भी जांच की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




