Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

राष्ट्रमंडल खेल 2030 : मोदी कैबिनेट ने भारत की बोली पर लगाई मुहर, गुजरात होगा केंद्र

राष्ट्रमंडल खेल 2030 : मोदी कैबिनेट ने भारत की बोली पर लगाई मुहर, गुजरात होगा केंद्र
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भारत द्वारा राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी के लिए बोली लगाने को मंजूरी दे दी गई। यदि भारत की यह बोली सफल होती है तो खेलों का आयोजन गुजरात की धरती पर होगा।

कैबिनेट ने इस संबंध में गुजरात सरकार के साथ मेज़बान सहयोग समझौते (Host Cooperation Agreement) पर हस्ताक्षर करने को भी हरी झंडी दिखा दी है। साथ ही केंद्र सरकार ने आयोजन से जुड़ी वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अनुदान सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

अहमदाबाद मुख्य केंद्र के रूप में प्रस्तावित

सूत्रों के अनुसार, गुजरात सरकार ने अहमदाबाद को खेलों का मुख्य आयोजन स्थल बनाने का प्रस्ताव रखा है। अहमदाबाद के सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई अत्याधुनिक स्टेडियमों और खेल अवसंरचना को ध्यान में रखते हुए इस शहर को उपयुक्त माना जा रहा है।

भारत की खेल पहचान को नई ऊँचाई

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि भारत को मेजबानी मिलती है तो यह न केवल देश की खेल क्षमता और संगठनात्मक दक्षता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की खेल पहचान को भी नई ऊँचाई देगा। इससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलेंगी और नई पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

पर्यटन और निवेश को बढ़ावा

गुजरात में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से पर्यटन और निवेश को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। आयोजन से राज्य में रोज़गार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ होटल, परिवहन और सेवा क्षेत्रों में नई संभावनाएँ खुलेंगी।

ऐतिहासिक मौका

गौरतलब है कि भारत ने इससे पहले केवल एक बार, वर्ष 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी। यदि 2030 की मेजबानी भारत को मिलती है तो यह दूसरा अवसर होगा, और गुजरात पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय महाकुंभ का गवाह बनेगा।

Next Story
Share it