योगी सरकार के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को नई गति, कानपुर में सरस आजीविका मेला–2026 का भव्य शुभारंभ

कानपुर/लखनऊ | 04 जनवरी, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सशक्त उदाहरण रविवार को कानपुर के मोतीझील लॉन-2 में देखने को मिला, जहां सरस आजीविका मेला–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह मेला 6 जनवरी, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया, जबकि कानपुर के प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महिला उद्यमिता की सशक्त तस्वीर
उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि समरसता भारतीय संस्कृति का मूल स्वभाव है। ऐसे आयोजनों से पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं में आत्मविश्वास और अपनी पहचान बनाने की प्रबल इच्छा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि सरस आजीविका मेले जैसे आयोजन न केवल महिला सशक्तीकरण को मजबूती देते हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में भी सशक्त आधार तैयार करते हैं। “स्वदेशी अपनाओ” का मंत्र ही आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नींव है।
उत्कृष्ट स्वयं सहायता समूह हुए सम्मानित
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त समूहों में—
उज्ज्वला महिला स्वयं सहायता समूह (जमदानी साड़ी एवं सूट) – सीमा देवी
मां दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह (मसाला उत्पाद) – ऋतु
आत्मनिर्भर स्वयं सहायता समूह (मिलेट्स उत्पाद) – संगीता सिंह
किरण स्वयं सहायता समूह (बुटीक एवं गारमेंट) – आकांक्षा रजिया
मानसी स्वयं सहायता समूह (घरेलू सजावटी हस्तशिल्प) – मीरा देवी
शामिल रहीं।
60 स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मेले में महिलाओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं को सीधा बाजार मिलता है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि मेले में आकर स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अवश्य खरीदें।
मेले में कानपुर नगर से 29 तथा मंडल के अन्य 5 जनपदों से 31, कुल 60 स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। मेला प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 8 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
स्वदेशी, स्वरोजगार और संस्कृति का संगम
मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित—
सौंदर्य एवं सुगंध उत्पाद
पारंपरिक परिधान एवं हस्तशिल्प
घरेलू उपयोग की वस्तुएं
सखी लेदर उत्पाद
जैविक पौध एवं कृषि उत्पाद
स्वच्छता समाधान, सरस स्वाद एवं स्वास्थ्य उत्पाद
की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है, जिसे जनसामान्य का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया एवं फर्रुखाबाद से आए पुरस्कार-प्राप्त स्वयं सहायता समूहों के सौंदर्य, सुगंध, मसाले, आंवला उत्पाद, हस्तशिल्प, फिनायल-हैंडवॉश एवं वस्त्र उत्पादों की स्टॉलों पर विशेष भीड़ देखी जा रही है।
गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, सरोज कुरील, मोहित सोनकर, एमएलसी सलिल बिश्नोई, महिला आयोग सदस्य पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, महिला कल्याण निगम अध्यक्ष कलावती सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




