लखनऊ में बूस्ट इंडिया कॉन्क्लेव 2.0 का भव्य आयोजन, स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर

लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 23 अगस्त 2025 को बूस्ट इंडिया कॉन्क्लेव 2.0 का आयोजन पूर्व राज्यमंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ल के मार्गदर्शन में अत्यंत भव्यता से हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि “यह कॉन्क्लेव भारत में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।”
सीतापुर से विधायक एवं एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स के चेयरमैन पवन सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत 7 वर्षीय योगिनी वान्या शर्मा के योग प्रदर्शन से हुई। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से बताया कि कैसे योग महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है।
मुख्य वक्ता के रूप में कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.ए. भट्ट ने संबोधित किया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कैंसर और मेनोपॉज़ पर विस्तार से चर्चा की और इस बात पर जोर दिया कि नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
कैंसर अवेयरनेस पैनल
इस पैनल में केजीएमयू की प्रो. निशा सिंह, मैक्स हॉस्पिटल की असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. हिमानी नेगी और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. श्वेता सिंह शामिल हुईं। पैनल का संचालन कल्याण सिंह कैंसर अस्पताल की प्रख्यात विशेषज्ञ प्रो. सुबैया कुरैशी ने किया। विशेषज्ञों ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और स्वस्थ आदतों के महत्व पर जोर दिया।
मेनोपॉज़ पैनल
इस पैनल में हिंदुस्तान एयरोनॉटिकल लिमिटेड की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सक्सेना, डॉ. गरिमा गुप्ता और डॉ. अंकिता उपाध्याय ने भाग लिया। पैनल का संचालन कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर की जानीमानी चिकित्सक डॉ. अर्चना वर्मा ने किया। विशेषज्ञों ने मेनोपॉज़ के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए योग, आयुर्वेद और आधुनिक उपचार विकल्पों की उपयोगिता पर चर्चा की।
बूस्ट इंडिया कॉन्क्लेव 2.0 का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और लोगों को नियमित जांच व संतुलित जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।