चैत्र नवरात्रि महोत्सव एवं संत सम्मेलन 19 से, रामलीला मैदान में भव्य आयोजन

आनन्द गुप्ता
बहराइच। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में आस्था और भक्ति का विराट संगम देखने को मिलेगा। श्री माँ जगदंबा मंदिर (मोनी बाबा आश्रम) रामलीला मैदान, बिहारी नगर (बहराइच) में 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक चैत्र नवरात्रि महोत्सव एवं संत सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए विविध धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक तथा सायं 3 बजे से 5 बजे तक पूजन-अर्चन एवं कथा का आयोजन होगा। 27 मार्च को दोपहर 12 बजे से पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण संगीतमय रामकथा रहेगी, जिसमें अयोध्या धाम के प्रसिद्ध कथावाचक श्री राहुल शास्त्री प्रतिदिन सायं 6 बजे से 9 बजे तक रामकथा का रसपान कराएंगे। इस दौरान देश-प्रदेश के संत-महात्माओं का सान्निध्य भी प्राप्त होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्यामकरण टेकचंदानी (अध्यक्ष रामलीला कमेटी) ने बताया कि नवरात्रि में श्रद्धालुओं के लिए ‘कढ़ाही चढ़ाने’ की व्यवस्था भी रखी गई है, जिसमें छोटी कढ़ाही 1500 रुपये और बड़ी कढ़ाही 2500 रुपये निर्धारित की गई है। इसके लिए श्रद्धालु दिए गए संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुधा देवी (नगर पालिका परिषद, बहराइच) द्वारा की जाएगी। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं और समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
आयोजन का संचालन श्री मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी (रजि.) बहराइच द्वारा किया जा रहा है।




