लखनऊ में कल से सजेगा साहित्यिक मेला, 125 स्टॉल पर होंगी हजारों किताबें

लखनऊ, 3 सितम्बर।
किताबों के प्रेमियों के लिए खुशखबरी— बलरामपुर गार्डन, अशोक मार्ग में ग्यारह दिवसीय 22वां राष्ट्रीय पुस्तक मेला कल से प्रारम्भ हो रहा है।
मेले का औपचारिक उद्घाटन 4 सितम्बर शाम 5 बजे उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस वर्ष मेले की थीम है— “विजन 2047 : विकसित भारत, विकसित प्रदेश”।
मेले में पांच दर्जन से अधिक प्रकाशन संस्थान और वितरक अपने स्टॉल लगाएंगे। इनमें प्रमुख हैं, राजकमल, लोकभारती, वाणी, भारतीय ज्ञानपीठ, प्रभात, सस्ता साहित्य मण्डल, प्रकाशन संस्थान, दिव्यांश और सेतु प्रकाशन। कुल मिलाकर करीब 125 स्टॉल लगाए जाएंगे।
मुख्य पंडाल में प्रतिदिन साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि वाटरप्रूफ पंडाल में बाल एवं युवा गतिविधियां लगातार चलेंगी।
मेले में हजारों पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध होगा— हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भारतीय भाषाओं के साहित्य, शैक्षणिक पुस्तकें, बाल साहित्य और दुर्लभ रचनाएं पाठकों को आकर्षित करेंगी।
मेले का समापन 14 सितम्बर को होगा।