‘हम तो चले हरिद्वार’ संग्रह का विमोचन और मंचन 12 अक्टूबर को

लखनऊ, 5 अक्टूबर। बिम्ब सांस्कृतिक समिति द्वारा संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली के सहयोग से हास्य नाटक ‘हम तो चले हरिद्वार’ का मंचन आगामी 12 अक्टूबर को राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में किया जाएगा। इस अवसर पर नाटक के मंचन से पूर्व इसी शीर्षक के नाट्य संग्रह का विमोचन भी किया जाएगा।
संस्था के सचिव महर्षि कपूर ने बताया कि नाट्य संग्रह ‘हम तो चले हरिद्वार’ का विमोचन 12 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे बली हाल में किया जाएगा, जबकि नाटक का मंचन शाम सवा सात बजे से प्रारंभ होगा। नाटक का लेखन रामकिशोर नाग ने किया है, जिन्होंने अब तक 46 नाटक लिखे हैं। इनमें ममता, रांग नम्बर, उ बंगला नम्बर 302, कबीर एक ध्रुव तारा, से मोहन और द कान्ट्रैक्ट जैसे नाटक प्रमुख हैं, जिनमें से अधिकांश का सफल मंचन हो चुका है।
रामकिशोर नाग के पहले दो नाट्य संग्रह ‘वन टू का फोर’ और ‘इटैलियानो’ भी पाठकों के बीच लोकप्रिय रहे हैं। बिम्ब सांस्कृतिक समिति के बैनर तले होने वाले इस हास्य नाटक का पूर्वाभ्यास इन दिनों महर्षि कपूर के निर्देशन में जानकीपुरम में चल रहा है।