मथुरा में गोरक्षक की मौत के बाद बवाल, हाईवे पर घंटों जाम, 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल

मथुरा, उत्तर प्रदेश। शनिवार तड़के मथुरा में एक दर्दनाक घटना के बाद हालात बेकाबू हो गए। गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस उपद्रव में पथराव, फायरिंग और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
बताया जा रहा है कि गोरक्षक चंद्रशेखर अपने साथियों के साथ कथित गोतस्करी की सूचना पर हाईवे पर सक्रिय थे। तड़के करीब चार बजे वे एक कंटेनर का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोरक्षकों का आरोप है कि यह घटना सुनियोजित हत्या है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक मौके पर एकत्रित हो गए और छाता के पास हाईवे पर जाम लगा दिया। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जो जल्द ही उग्र हो गया। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया और कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल के साथ प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) को तैनात किया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, साथ ही आंसू गैस के गोले और प्लास्टिक पेललेट का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान करीब 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया और करीब साढ़े 11 बजे हाईवे का जाम खुलवाया गया। पुलिस ने इस दौरान कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस बल तैनात है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




