बरेली -फरीदपुर थाने में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

बरेली : भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने शुक्रवार को उप-निरीक्षक थाना फरीदपुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल के पुलिस उपाधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शिकायतकर्ता रेहान अंसारी निवासी ग्राम भगवन्तापुर थाना फरीदपुर जिला बरेली से मु०अ०सं० 249/2025 धारा 109(1), 351(2), 351(3) BNS थाना फरीदपुर बरेली की विवेचना में मुल्जिमानों को फायदा पहुँचाने एवं मुकदमे को हल्का करके खत्म करने की धमकी देकर उप निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा द्वारा शिकायतकर्ता उपरोक्त से रिश्वत की मांग की गयी। जिस पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम प्रभारी, निरीक्षक प्रवीण सान्याल व टीम के सदस्यगण ने शुक्रवार को दोपहर में 10 हजार की रिश्वत लेते फरीदपुर थाना परिसर में ही गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त उप निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ग्राम रसीदपुर गढ़ी थाना कोतवाली शहर जनपद बिजनौर हाल पता विष्णु विहार कालोनी ज्वाला नगर थाना सिविल लाइन जनपद रामपुर का निवासी हैं।
थाना परिसर से हुई गिरफ्तारी
इस शिकायत के बाद ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में दरोगा को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। दरोगा के कहने पर शुक्रवार दोपहर रेहान रिश्वत की रकम लेकर थाने पहुंचा। इससे पहले ट्रैप टीम को सूचित कर दिया। कोतवाली फरीदपुर परिसर में पीपल के पेड़ के नीचे से दरोगा ने रेहाल से जैसे ही रिश्वत ली, वैसे ही वहां मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से थाने में खलबली मच गई। टीम आरोपी दरोगा को पकड़कर थाना कोतवाली बरेली आई। कोतवाली में दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी दरोगा सुनील कुमार वर्मा बिजनौर का रहने वाला है। फरीदपुर थाने में उनकी तैनाती थी।