आईआईआईटी लखनऊ के बीटेक छात्रों का शानदार प्लेसमेंट, 1 करोड़ से अधिक का पैकेज बना आकर्षण

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। लखनऊ स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान लखनऊ (IIIT) के बीटेक सत्र 2026 बैच के छात्रों ने इस वर्ष प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। देश-विदेश की शीर्ष कंपनियों में अब तक 218 में से 194 छात्र-छात्राओं का चयन हो चुका है।
संस्थान के अनुसार, इस बार प्लेसमेंट का उच्चतम पैकेज 1 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है, जो छात्रों की उत्कृष्ट प्रतिभा को दर्शाता है। वहीं औसत पैकेज ₹35.6 लाख प्रति वर्ष रहा, जो पिछले वर्ष के ₹33.7 लाख से अधिक है। सबसे बड़ी उपलब्धि मीडियन पैकेज में देखने को मिली, जो ₹26 लाख से बढ़कर इस वर्ष ₹36.5 लाख सालाना हो गया है।
इस वर्ष का सबसे बड़ा ऑफर बीटेक कंप्यूटर साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के छात्र वेदांत गोरे को मिला है, जिन्हें रुब्रिक ने 1 करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज ऑफर किया। वेदांत महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के निवासी हैं।
वहीं बीटेक कंप्यूटर साइंस एवं बिजनेस के छात्र अंकित यादव को मेटा ने ₹80 लाख से अधिक का पैकेज दिया है। इसके अलावा गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, मीशो और क्रेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भी संस्थान से भर्ती की है।
आंकड़ों के अनुसार, 192 में से 76 विद्यार्थियों को ₹50 लाख से अधिक, 96 विद्यार्थियों को ₹20 से ₹50 लाख के बीच और 22 विद्यार्थियों को ₹20 लाख से कम का पैकेज मिला है। प्लेसमेंट प्रक्रिया अभी जारी है।
संस्थान के निदेशक डॉ. अरुण मोहन शेरी ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, फैकल्टी और स्टाफ के सहयोग को दिया। वहीं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ. अभिनेष कौशिक ने बताया कि हर वर्ष कंपनियों की संख्या बढ़ रही है और इस बार माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनी का जुड़ना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि अब कंपनियां चयन प्रक्रिया में बदलाव कर रही हैं और इंटरव्यू के दौरान छात्रों से लो लेवल डिजाइन (LLD) जैसे व्यावहारिक कार्य कराकर उनकी स्किल्स का आकलन किया जा रहा है, जिसके अनुसार संस्थान छात्रों को तैयार कर रहा है।
कुल मिलाकर, आईआईआईटी लखनऊ का यह प्लेसमेंट सत्र संस्थान की गुणवत्ता और छात्रों की प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।




