मुंबई : घाटकोपर में हाईटेक रामलीला की तैयारी

श्री रामलीला महोत्सव समिति की 62वीं बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट : विजय तिवारी
मुंबई। घाटकोपर पश्चिम स्थित माणिकलाल मैदान में श्री रामलीला महोत्सव समिति की 62वीं बैठक सम्पन्न हुई। विगत 61 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही रामलीला को इस वर्ष भी हाईटेक और अत्याधुनिक संसाधनों के साथ भव्य रूप में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भूमिपूजन के उपरांत कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न हुआ।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर सुनील दामोदर दुबे, ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष अशोक रमापति दुबे, संरक्षक मंडल अध्यक्ष रामसूरत पांडे, महामंत्री संजय सिंह तथा कोषाध्यक्ष सनद ओझा चुने गए। कार्यकारिणी में अन्य सदस्य के रूप में अंगद गिरी, चंद्रदेव पांडे, हरीश दुबे, संदीप सिंह, शशिकांत ओझा, संतोष दुबे, मोहन श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह, शिवम पांडे, भरत उपाध्याय, अनिल चौरसिया, प्रवीण सिंह, संजय उपाध्याय एवं शिवकुमार पांडे शामिल किए गए।
नई कार्यकारिणी ने घोषणा की कि इस वर्ष की रामलीला दर्शकों के लिए पहले से भी अधिक भव्य और आकर्षक होगी। आयोजन में आधुनिक तकनीक, सजीव मंचन और दिव्य वातावरण का विशेष समावेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि घाटकोपर की रामलीला मुंबई के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में गिनी जाती है। पिछले छह दशकों से यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में कला, संस्कृति और एकता का संदेश देता आ रहा है। हर वर्ष यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उमड़ते हैं।
इस वर्ष श्री रामलीला महोत्सव समिति 2025 का आयोजन 22 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक घाटकोपर के माणिकलाल मैदान में होगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।