Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

काव्य, विमोचन और स्वास्थ्य संवाद से सजा पुस्तक मेले का आठवां दिन

काव्य, विमोचन और स्वास्थ्य संवाद से सजा पुस्तक मेले का आठवां दिन
X

22वां राष्ट्रीय पुस्तक मेला : आठवां दिन- काव्य रस, चिकित्सकीय नुस्खे और विमोचन समारोहों से सजा मेले का दिन

लखनऊ, 11 सितम्बर। बलरामपुर गार्डन, अशोक मार्ग पर जारी 22वें राष्ट्रीय पुस्तक मेले के आठवें दिन रविवार को मौसम सुहावना होने के साथ ही पुस्तक प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों से लेकर साहित्य और ज्ञान के साधकों तक, सभी अपने-अपने स्वाद की नई किताबों की तलाश में दिखे।

मेले में आज वरिष्ठ लेखक भगवान स्वरूप कटियार के संपादन और सम्यक प्रकाशन से प्रकाशित पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं सांसद रह चुके महाराज सिंह भारती की कृति सृष्टि और प्रलय तथा समग्र लेखन (भाग-1) का विमोचन हुआ। सुहेल वहीद के संचालन में हुए विमर्श में विजय राय, राकेश वेदा, शकील सिद्दीकी, अशोक चन्द्र और अन्य वक्ताओं ने उनकी रचनाओं को सामयिक और प्रासंगिक बताया।

सुबह अनागत साहित्य संस्थान के काव्य समारोह में डॉ. अजय प्नसून और बेअदब लखनवी की पुस्तकों का विमोचन हुआ। वहीं नवोदय साहित्यिक एवं रमा साहित्यिक संस्था के संयोजन में हुए काव्य समारोह में शहर के अनेक कवियों ने अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर किया।

स्वास्थ्य पर केन्द्रित कार्यक्रम में अच्छे स्वास्थ्य के 51 नुस्खे और हाफ डाक्टर पुस्तकों के लेखक डॉ. संदीप कुमार और अजय अग्रवाल ने उपस्थित चिकित्सकों और पाठकों के साथ संवाद करते हुए उपयोगी जानकारी दी। दूसरी ओर दलित स्त्री लेखन और वर्तमान परिस्थितियों पर अनिता भारती, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. प्रियंका सोनकर और प्रो. सुप्रिया पाठक सहित वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

वसुंधरा फाउंडेशन की ओर से पद्मश्री डॉ. विद्याविंदु सिंह की अध्यक्षता में गांधी, बोस, भगत, विवेकानन्द – हमारे पथप्रदर्शक विषय पर संगोष्ठी हुई, जिसमें साहित्यकारों और पत्रकारों ने भाग लिया। शाम को ‘आभूषण काव्यात्मक अभिव्यक्ति पटल’ की काव्य गोष्ठी भी आयोजित की गई।

कल (12 सितम्बर) के प्रमुख कार्यक्रम

सुबह 11:00 बजे – काव्य गोष्ठी (साहित्य साधक संस्था)

दोपहर 1:00 बजे – पुस्तक चर्चा (आईपीएस डॉ. हरीश कुमार)

दोपहर 2:00 बजे – परिचर्चा (उत्कर्ष प्रतिष्ठान)

दोपहर 3:00 बजे – पुस्तक विमोचन व चर्चा (श्रीधर अग्निहोत्री व मनीष शुक्ल)

शाम 5:00 बजे – नाटककार सुशील कुमार सिंह का रचना संसार

शाम 7:00 बजे – काव्य गोष्ठी (रेवान्त)

Next Story
Share it