प्रयागराज : हंडिया थानाक्षेत्र के अतरौरा गांव में गोलीकांड, पुरानी दुश्मनी में युवक घायल

प्रयागराज। हंडिया थाना /तहसील क्षेत्र के अतरौरा गांव में बुधवार को हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश इस घटना की वजह बनी।
जानकारी के अनुसार, अवरा गांव निवासी शिवम् पाण्डेय पुत्र चन्द्रमा प्रसाद पाण्डेय ने अपने पुराने विवाद को लेकर पड़ोसी गांव के विजय प्रकाश पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय माता प्रसाद पाण्डेय पर अवैध हथियार से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही विजय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और विवाद हो चुके थे, लेकिन इस बार मामला जानलेवा रूप ले लिया।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।