वडोदरा : गणपति बप्पा के विसर्जन में पादरा पुलिस की अनूठी मिसाल, पुलिस प्रमुख सुशील अग्रवाल ने बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट : विजय तिवारी
वडोदरा जिले के पादरा गांव/ तहसील अंतर्गत पादरा थाना परिसर में हर साल की तरह इस वर्ष भी सार्वजनिक गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पादरा पुलिस थाना अध्यक्ष विजय चारण के मार्गदर्शन में गणपति बाप्पा की आरती, पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन.
समापन अवसर पर हाल ही में वडोदरा जिले में तबादला होकर आए पुलिस प्रमुख / एसपी सुशील अग्रवाल विशेष रूप से पादरा पुलिस स्टेशन पहुँचे। उन्होंने महाआरती में दीप प्रज्वलित कर भक्ति भाव से हिस्सा लिया और पुलिस जवानों व उनके परिवारजनों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया तथा गणपति विसर्जन के लिए तय अंबाजी तालाब का जायजा भी लिया।
विसर्जन यात्रा में पुलिस अधिकारी, सामाजिक संगठन के अग्रणी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान सभी पुलिस जवान सफेद टी-शर्ट और जीन्स में एक समान परिधान में उपस्थित थे। टी-शर्ट की पीछे “पादरा पुलिस” लिखा हुआ था, जो एकता और अनुशासन का संदेश दे रहा था। डीजे की धुन पर पुलिस जवान भावपूर्ण नृत्य करते दिखे और श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के साथ उल्लासपूर्वक भागीदारी की।
वडोदरा रूरल (ग्रामीण- एसपी ) पुलिस प्रमुख सुशील अग्रवाल ने मौके पर कहा –
“विसर्जन के दौरान किसी को कोई असुविधा या चोटिल न हो, इसकी विशेष सावधानी रखी जाएगी। ग्रामीणों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गणपति बाप्पा का विसर्जन समय पर और शांति के साथ सम्पन्न कराया जाएगा।”
विसर्जन के दौरान पूरे गांव/तहसील क्षेत्र में कड़ा पुलिस बंदोबस्त किया गया। पादरा पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए भक्ति और सामाजिक सौहार्द का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस भव्य विसर्जन यात्रा के दृश्य और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे पादरा पुलिस की इस अनोखी पहल को जनता की व्यापक सराहना मिल रही है।