Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

तिरंगा लेकर ट्रैक्टर पर बैठे दिखे नरेश टिकैत, आखिर क्या है प्लानिंग? बोले- परेशान है पूरे देश का किसान

तिरंगा लेकर ट्रैक्टर पर बैठे दिखे नरेश टिकैत, आखिर क्या है प्लानिंग? बोले- परेशान है पूरे देश का किसान
X

सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भारतीय किसान यूनियन ने संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को एमएसपी देने की घोषणा की थी, लेकिन वादा पूरा नहीं किया है। पूरे देश का किसान परेशान है।


उसे न तो बिजली मिल रही है न अपनी फसलों के उचित दाम मिल रहे हैं। उसे अपनी फसलों का भुगतान भी समय पर नहीं मिल रहा है। सरकार को किसानों की ओर ध्यान देना चाहिए। सरकार का ध्यान इस तरफ आकर्षित करने के लिए यह किसान तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।

बुधवार को सिसौली में निकाली गई यात्रा का नेतृत्व भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने किया। किसान नेता चौधरी गौरव टिकैत भी यात्रा में साथ रहे। यात्रा किसान भवन से सैकड़ो ट्रैक्टर के साथ के साथ मुख्य मार्ग से होती हुई किसान भवन पर ही समाप्त हुई। जिसमें क्षेत्र के मुंडभर, हडौली, सावटू, सदरूद्दीननगर, भौराकला व भौराखुर्द के किसानों ने भाग लिया। ट्रैक्टर के साथ-साथ बाइक, स्कूटर व साइकिल वाले भी चल रहे थे।

उधर, भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक के नेतृत्व में फुगाना बस स्टैंड से खेड़ा मस्तान के सामने से होकर थाना फुगाना तक ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई और जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष कुशलपाल शर्मा, प्रकाश सिंह, विनोद चेयरमैन, धीर सिंह नंबरदार, वसीयत लोई, अबू बकर, करण सिंह मौजूद रहे।

भाकियू ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से निकाली। तिरंगा यात्रा ब्लाक परिसर से शुरू होकर नगर के बस स्टैंड, रोहाना तिराहे, शिवचौक से होती हुई ब्लाक के सामने पहुंचकर समाप्त हुई।

ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी ने कहा कि इस ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश और संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करना था। इस मौके पर बोबी त्यागी, रोबिन मुंडेर, फरमान धोनी, श्रीकांत सैनी, सुमित त्यागी, मोहसिन त्यागी, सलीम अंसारी शामिल रहे।

Next Story
Share it