फतेहपुर में मंदिर-मकबरा विवाद: कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के घर छापा, शहर अध्यक्ष गिरफ्तार

फतेहपुर। सदर कोतवाली के आबूनगर रेड़इया में मंदिर-मकबरा प्रकरण को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक प्रतिनिधि मंडल का गठन किया था। प्रतिनिधि मंडल को बुधवार को जिले जाकर प्रकरण में जांच पड़ताल और स्थानीय लोगों से वार्ता करने के लिए पहुंचने का निर्देश दिया था।
जिला प्रशासन को भनक लगते ही पुलिस को सक्रिय कर दिया गया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी के घर गंगा नगर कालोनी में छापा मारा गया। उनके स्वजन ने जिलाध्यक्ष के घर पर न होने की बात कह कर पुलिस पार्टी को बैरंग लौटा दिया।
वहीं अहमदगंज वार्ड के सभासद और कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा के घर पर पहुंची पुलिस ने उन्हें घर से गिरफ्तार करके कोतवाली ले आई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस के कार्यक्रम को फेल करने के लिए जिला प्रशासन छापेमारी कर रहा है।
कांग्रेस के नेता भूधर मिश्रा और कनिष्क पाण्डेय को कानपुर स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया है। भाजपा की सरकार उत्पीड़न करने में जुटी है तो जिला प्रशासन अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए धर पकड़ कर रही है।