Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सुरक्षा हटाना साजिश, जान को खतरा: सपा नेता मनोज सिंह डब्ल्यू ने जिलाधिकारी को पत्र लिख जताई हत्या की आशंका

X


रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली

चंदौली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और चंदौली जिले के वरिष्ठ नेता मनोज कुमार सिंह डब्ल्यू ने अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा अचानक हटाए जाने पर गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे पूर्व नियोजित साजिश करार देते हुए अपनी जान को गंभीर खतरा बताया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी चंदौली को एक गंभीर पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने हत्या की आशंका भी जताई है।

पत्र में सपा नेता ने उल्लेख किया है कि कुछ दिन पूर्व उनके आवास पर तैनात पुलिस विभाग द्वारा भेजे गए आरक्षियों को बिना किसी पूर्व सूचना के हटा लिया गया। जब उन्होंने जानकारी प्राप्त करनी चाही तो यह ज्ञात हुआ कि उनके शस्त्रों की जांच के बहाने से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और नियमों की अवहेलना करते हुए अंजाम दी गई है।

राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा हो सकती है यह कार्रवाई

मनोज सिंह ने पत्र में लिखा है कि वे जनपद की जनता के लिए लगातार आवाज उठाते रहते हैं, जिससे कई बार उन्हें सत्तारूढ़ दल और प्रभावशाली लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित साजिश रची जा रही है, जिसमें उनकी सुरक्षा को हटाकर उन्हें निशाना बनाने की योजना है।पत्र में उन्होंने हाल ही में नैनीजून क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि की हत्या की घटना का हवाला देते हुए कहा कि चंदौली जैसे जिलों में राजनीतिक द्वेष और प्रशासनिक लापरवाही के चलते गंभीर घटनाएं घटित हो सकती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके साथ भी ऐसा कोई हादसा हो सकता है।

प्रशासन पर लगाया पक्षपात का आरोप

सपा नेता ने लिखा है कि यदि उन्हें या उनके परिवार को कोई हानि होती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैये और राजनीतिक दबाव में काम करने का भी आरोप लगाया। पत्र के अंत में मनोज कुमार सिंह ने मांग की है कि उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए ताकि वे स्वतंत्र रूप से जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया तो वे कानूनी विकल्पों और सार्वजनिक आंदोलनों का सहारा लेने को बाध्य होंगे।





Next Story
Share it