चित्तौरा झील किनारे महाराजा सुहेलदेव स्मारक का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया भव्य लोकार्पण

आनन्द प्रकाश गुप्ता
बहराइच।
जनपद बहराइच स्थित ऐतिहासिक चित्तौरा झील के तट पर नवनिर्मित चक्रवर्ती सम्राट राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव जी के भव्य स्मारक स्थल का लोकार्पण समारोह मंगलवार को भव्यता के साथ आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्मारक का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव देश की आन-बान-शान थे, जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष कर भारत की संस्कृति और सभ्यता की रक्षा की। उन्होंने कहा कि इस स्मारक के निर्माण से आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव के त्याग, बलिदान और पराक्रम से प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद आनंद कुमार, विधायक सुभाष त्रिपाठी, सुरेश्वर सिंह, अनुपमा जायसवाल, एमएलसी पद्मसेन चौधरी, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी एवं राजा यश्वेन्द्र विक्रम सिंह सहित राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस लोकार्पण समारोह को लेकर स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिला। स्मारक परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ दीं।
यह स्मारक न केवल महाराजा सुहेलदेव की वीरगाथा को अमर बनाएगा, बल्कि बहराइच को पर्यटन की दृष्टि से भी एक नई पहचान देगा।