Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

बाढ़ से पहले अलर्ट मोड में सरकार!चंदौली में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण,लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी

बाढ़ से पहले अलर्ट मोड में सरकार!चंदौली में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण,लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
X


रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली

चंदौली: गंगा के तटीय इलाकों में संभावित बाढ़ से पहले सरकार ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति मंत्री मा. श्री स्वतंत्र देव सिंह ने चंदौली जनपद के विभिन्न बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ कहा कि कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय सीमा में कोई समझौता नहीं चलेगा। लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने ग्राम कुंडाकला (नियमताबाद) में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की धीमी गति और निर्माण में कमियों को लेकर मंत्री जी ने गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने देखा कि पत्थरों के बीच गैप रह गए हैं, तो उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह सिर्फ निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा मामला है, कोई भी लापरवाही नहीं बर्दाश्त की जाएगी।

वहीं ग्राम नरौली (धानापुर) में निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कहा कि सभी सुरक्षात्मक ढांचे बरसात से पहले तैयार कर लिए जाएं ताकि बाढ़ की स्थिति में किसी को विस्थापन न झेलना पड़े। साथ ही उन्होंने गंगा में गंदा पानी गिरने पर पूर्ण रोक लगाने और नालों के पुनर्निर्माण व जैविक उपचार को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन तालाबों पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण हुआ है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने इन जल स्रोतों को स्थानीय पर्यावरण और सिंचाई के लिए अहम बताया और कहा कि इनका गहरीकरण कर वर्षाजल संचयन के लिए उपयोगी बनाया जाए।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सभी विभागों को समन्वय में रहकर कार्य करने को कहा और निर्देश दिए कि राहत सामग्री, नावें, सर्च लाइट, मेडिकल किट और सुरक्षित आश्रय स्थलों की तैयारी पूरी होनी चाहिए। गांवों में मॉक ड्रिल और जनसंवाद कार्यक्रमों से जनता को समय रहते सतर्क करने का निर्देश भी दिया गया।इस दौरान जनप्रतिनिधियों में विधायक रमेश जायसवाल, विधायक सुशील सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सूर्यमुनि तिवारी समेत सिंचाई व जलापूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।





Next Story
Share it