डीडीयू नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

विधायक, सांसद और हजारों लोगों की भागीदारी, सेना को ऑपरेशन सिंदूर के लिए किया गया नमन
मोहम्मद अफजल, डीडीयू नगर
चंदौली/डीडीयू नगर।पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। स्थानीय गुरुद्वारे से पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान चारों ओर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष गूंजते रहे।
इस तिरंगा यात्रा में जिले के तीनों भाजपा विधायक—मुगलसराय से रमेश जायसवाल, चकिया से कैलाश अचार और सैयदराजा से सुशील सिंह—के साथ राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह एवं साधना सिंह भी शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर आमजन के साथ कदम से कदम मिलाया।यात्रा के दौरान लोगों ने भारतीय सेना को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर बधाई दी और वीर जवानों के साहस को सलाम किया। नेताओं ने कहा कि यह यात्रा भारत की एकता, अखंडता और सेना के प्रति कृतज्ञता की प्रतीक है।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, राणा सिंह, कुंदन सिंह, चंद्रेश्वर जायसवाल, गुरदीप सिंह, रेणु सिंह, निधि तिवारी, प्रशांत गुप्ता, दयाशंकर सिंह पटेल, आशीष गुप्ता, मालती गुप्ता, विशाल तिवारी, अशोक सोनकर और राजेश चौहान सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा में मौजूद रहे।यात्रा में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दिए और हाथों में तिरंगा लहराते रहे। देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों के बीच पूरे मार्ग का वातावरण उत्सवमय हो गया।भीड़ की व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज़ से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल के साथ स्वयंसेवक व्यवस्था संभालते नजर आए।
बता दें कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति जनसमूह की आस्था, भारतीय सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना का जीवंत प्रमाण बनकर सामने आई है।