Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कलक्टरगंज गल्ला मंडी में लगी भीषण आग, पांच झुलसे, कई विस्फोट सुने गए

कलक्टरगंज गल्ला मंडी में लगी भीषण आग, पांच झुलसे, कई विस्फोट सुने गए
X

कानपुर। कलक्टरगंज गल्ला मंडी में मंगलवार की दोपहर बाद भीषण आग लग गई। बाजार की करीब सौ दुकानें आग की चपेट में बताई जा रही हैं। आग इतनी भीषण है कि धुआं 12 किमी दूर कल्याणपुर में देखा जा रहा है। दमकल की एक दर्जन गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं।

आला अधिकारी मौके पर हैं। छह लोगों के झुलसने की सूचना है, जिन्हें उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या में वृद्धि हो सकती है, क्योंकि कुछ लोगों के फंसे होने की भी सूचना है।अभी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।पूरे क्षेत्र की बिजली बंद कर दी गई है।

कलक्टर गंज थाना क्षेत्र के घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों से भरे क्षेत्र दाल मंडी में मंगलवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। दोपहर लगभग 2:45 बजे अचानक आग भड़क उठी। चंद मिनटों में ही लपटों ने आसपास के कई गोदामों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद चारों ओर घना काला धुआं छा गया। धुएं का प्रभाव सेंट्रल रेलवे स्टेशन क्षेत्र तक फैल गया। स्टेशन के आस-पास के यात्री और स्थानीय निवासी भी इस धुएं की वजह से घबरा गए। कई दुकानदारों और मजदूरों को जान बचाकर भागते हुए देखा गया।


लगभग 45 मिनट के भीतर सिलेंडरों और बैटरियों में जोरदार धमाके हुए। इससे आग और तेजी से फैली। इलाके में स्थित कुछ तेल और मोबिल आयल के ड्रम भी फट गए, जिससे विस्फोट के साथ आग की लपटें और ऊपर उठने लगीं।

अब तक छह लोग 50 प्रतिशत से ज्यादा जले हुए उर्सला अस्पताल में पहुंचे हैं। अभी यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद हैं। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने चारों ओर से आग को काबू में करने की कोशिशें शुरू कर दीं।

संकरी गलियों और भारी धुएं के कारण राहत कार्यों में मुश्किलें आईं, लेकिन टीमें लगातार प्रयासरत हैं। स्थानीय पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। यह इलाका थोक व्यापार के लिए जाना जाता है, इसलिए व्यापारियों को करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Next Story
Share it