चंदौली में गहराई बनी काल: एकौनी गांव के पोखरे में डूबे दो मासूम,गर्मी से राहत पाने को पोखरे में नहाने पहुंचे थे चार मासूम...

ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली
चंदौली (बबुरी):जिले के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एकौनी गांव स्थित पोखरे में सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की जान चली गई। गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने गए चार बच्चों में से दो – करण विश्वकर्मा (14) और ईशान (13), गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बालक नकटी गांव के निवासी थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे साइकिल से एकौनी गांव पहुंचे थे। उन्होंने पोखरे के किनारे अपने कपड़े उतारे और पानी में उतर गए। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे ही करण और ईशान थोड़ी दूर तक गए, वे गहराई में फंसकर छटपटाने लगे। यह देख उनके दो अन्य साथी घबराकर मौके से भाग गए और किसी को कुछ बताने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ स्थानीय युवकों ने पोखरे में खोजबीन शुरू की, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की सांसें थम चुकी थीं। बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस हृदयविदारक घटना से नकटी गांव में मातम पसरा हुआ है। करण और ईशान के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पोखरे के खतरनाक हिस्से को चिन्हित किया जाए और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।