तीन साल से अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल के लिए तरस रहा व्यक्ति, पुलिस पर गंभीर आरोप!

ओ पी श्रीवास्तव,चंदौली
चंदौली (धीना)। कानून व्यवस्था की हालत पर बड़ा सवाल खड़ा करता हुआ मामला चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के आलम खातूपुर गांव से सामने आया है, जहां यशवंत सिंह यादव नामक व्यक्ति अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल पाने के लिए तीन साल से अधिकारियों और पुलिस थाने के चक्कर काटने को मजबूर है।
पीड़ित यशवंत सिंह का कहना है कि एक जमीन विवाद के दौरान लक्ष्मण यादव ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल जबरन छीन ली थी, जिसकी तत्काल सूचना उन्होंने 112 नंबर पर दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और पिस्टल के साथ 10 कारतूसों का चालान किया गया। लेकिन जब यशवंत सिंह ने पिस्टल की वापसी के लिए थाना और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया तो पुलिस ने पिस्टल को "सरकारी" बता कर लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
यशवंत सिंह का आरोप है कि चालान में साफ तौर पर पिस्टल और कारतूस का उल्लेख होने के बावजूद पुलिस उनकी पिस्टल उन्हें नहीं लौटा रही है। तीन वर्षों से न्याय के लिए गुहार लगाने के बावजूद अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उन्हें न्याय दिलाया जाए और उनकी पिस्टल लौटाई जाए। वहीं पुलिस पर मामले को दबाने और लीपापोती करने के आरोप लग रहे हैं। अब देखना यह है कि क्या प्रशासन इस पीड़ित को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा या मामला यूं ही दबा दिया जाएगा।