Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान: राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बहामास में बढ़ाया भारत का मान

महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान: राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बहामास में बढ़ाया भारत का मान
X


ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली

चंदौली: भारत की ओर से महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बहामास में आयोजित कॉमनवेल्थ महिला कार्यशाला 2025 में प्रभावशाली सहभागिता निभाई। 28 अप्रैल से 2 मई तक चली इस अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में कॉमनवेल्थ देशों की महिला प्रतिनिधियों ने वैश्विक महिला नेतृत्व, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समावेशन जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

साधना सिंह ने कार्यशाला के दौरान भारत सरकार की महिला-केन्द्रित योजनाओं—बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, महिला हेल्पलाइन, और स्वयं सहायता समूह जैसे नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ये योजनाएं भारत में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

प्रतिनिधि मंडल के साथ संवाद करते हुए साधना सिंह ने महिला नेतृत्व को वैश्विक मंच पर अधिक प्रभावशाली बनाने के उपायों पर गहन चर्चा की। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारीशक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत की महिलाएं परंपरा और प्रगति का संगम हैं।

भारत का यह अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व न केवल महिला सशक्तिकरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक पटल पर भारतीय सोच और प्रयासों को मजबूती से प्रस्तुत करता है। राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से यह दौरा भारत के लिए गर्व का विषय रहा।

Next Story
Share it