Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

यूपी कांग्रेस के होली मिलन में जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर विरोध-प्रदर्शन, प्रदेश प्रभारी की गाड़ी रोक नारेबाजी

यूपी कांग्रेस के होली मिलन में जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर विरोध-प्रदर्शन, प्रदेश प्रभारी की गाड़ी रोक नारेबाजी
X

लखनऊ। कांग्रेस मुख्यालय में होली मिलन समारोह कार्यकर्ताओं के विरोध का अखाड़ा बन गया। खासकर बहराइच के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की।

आराेप था कि शिवेन्द्र प्रताप भाजपा नेताओं के करीबी हैं। कार्यकर्ताओं ने बहराइच बचाओ, आरएसएस भगाओ का नारा भी लगाया। कार्यक्रम से प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के बाहर निकलने के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी रोक ली। कुछ कार्यकर्ता वाहन के आगे लेट गए और नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ताओं की उन्हें हटाने के लिए आगे आए नेताओं के साथ धक्का-मुक्की भी की।

कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

कार्यकर्ताओं ने गोंडा के जिलाध्यक्ष राम प्रताप सिंह, सीतापुर की जिलाध्यक्ष डा.ममता वर्मा, गोरखपुर के शहर अध्यक्ष व कुछ अन्य जिला व शहर अध्यक्षों के चयन काे लेकर भी नाराजगी जताई।आरोप था कि गोंडा के जिलाध्यक्ष चुने गए पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह ने बीते दिनों अपने कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व सांसद ब्रज भूषण सिंह को मुख्य अतिथि बनाया था। कार्यक्रम में अन्य भाजपा नेताओं को भी बुलाया था।

गोरखपुर के जिलाध्यक्ष को लेकर दर्ज कराया गया विरोध

वहीं सीतापुर की जिलाध्यक्ष चुनी गईं डा.ममता वर्मा के पति भाजपा नेता हैं। गोरखपुर के शहर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। कुछ अन्य जिला व शहर अध्यक्षों के चयन को लेकर भी पार्टी के भीतर सवाल उठ रहे हैं।

पार्टी ने दो दिन पूर्व अपने 134 जिला व शहर अध्यक्षों की घोषणा की थी। एक बार फिर पार्टी के भीतर चल रही खींचतान खुलकर सामने आई है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि जिन जिला व शहर अध्यक्षों के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है, वहां कमेटी बनाकर जांच कराई जाएगी। कमेटी जो रिपोर्ट देगी, उसके अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।

पार्टी मुख्यालय में शनिवार शाम आयोजित होली मिलन समारोह में नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और गले लगकर होली की शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं ने कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने व संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। मथुरा से आए कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति भी दी।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश के सह प्रभारी धीरज गुर्जर,राजेश तिवारी, प्रदीप नरवाल व अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

Next Story
Share it