ई-रिक्शा व अन्य सवारी वाहनों में चोरी करने वाली महिलाओं के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

बलरामपुर। चलते ई-रिक्शा व अन्य सवारी वाहनों में चोरी करने वाली महिलाओं के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ नगर कोतवाली पुलिस ने किया है। नगर समेत श्रावस्ती में ई-रिक्शे पर महिलाओं का पर्स व जेवर आदि चोरी करने वाली राजस्थान एवं हरियाणा की रहने वाली आठ महिलाओं व तीन पुरुषों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चोरों की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी जिला निवासी सोनू, अनिल कुमार, सपना, पूनम, मुन्नी, फरीदाबाद के बल्लभगढ़ निवासी नरेश, राजो पत्नी बब्लू, सीमा, बाला, राजस्थान के सीकर की निवासी बरसात व भरतपुर के चिकसाना निवासी कलौव पुत्री देवी सिंह के तौर पर हुई है। चोरों के पास भारी संख्या में चोरी किए गए आभूषण व 83273 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
बच्चों को रुलाकर भटकाती थीं ध्यान
महिला आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ई-रिक्शा व सवारी वाहन में वे सवारियों के बगल में ही बैठती हैं। अपने साथ मौजूद बच्चों को रुलाकर महिलाओं का ध्यान भटकाते हुए उनके पास रखे सामान निकाल लेती हैं।
थोड़ी दूरी पर उतरकर आसपास मौजूद गिरोह की अन्य महिलाओं को चोरी का माल पकड़ाकर अपने आप को छिपाते हुए निकल जाती हैं। पुरुष अभियुक्त घूम-घूमकर चेन छीनने व महिलाओं को अपनी बातों के जाल में फंसाकर उन्हें भ्रमित कर उनसे आभूषण निकलवा लेते हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि बीते पांच दिसंबर को नगर के नई बाजार निवासी रानी सोनी ने दो अपरिचित महिलाओं के विरुद्ध पर्स से एक हार, एक मंगलसूत्र व एक अंगूठी चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
बीते दो दिसंबर को श्रावस्ती भिनगा में नई बाजार निवासी हुदा हाशिम से एक अपरिचित महिला द्वारा चार कंगन, दो हार, चार बुंदा, तीन अंगूठी, दो बाली चोरी कर लिए जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था।
इससे पूर्व 22 अप्रैल को मेजर चौराहा निवासी डिंपल सोनी ने अज्ञात महिला पर पर्स से छह कंगन, एक झाला एवं मंगलसूत्र चुरा लेने का मुकदमा दर्ज कराया था। तुलसीपुर व गोंडा मिश्रौलिया के पास एक सुनार की दुकान से भी आभूषण चुराए गए थे।
नगर कोतवाल शैलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छानबीन शुरू की गई। प्रकाश में आया कि दूसरे राज्यों की महिलाएं व पुरुष चलते ई-रिक्शा व अन्य वाहनों में महिलाओं के पर्स से चोरी कर रही हैं। पुलिस टीम ने राजस्थान व हरियाणा की रहने वाली आठ महिलाओं समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद कर लिए।
ये आभूषण हुए बरामद
पुलिस टीम ने चोरों के पास 54 कान के टप्स, झाले, 26 अंगूठी, आठ लॉकेट, तीन कड़े, तीन चेन लॉकेट, तीन मंगलसूत्र, दो चेन, दो चेन के टुकड़े, एक हार, पतला सोने का एक टुकड़ा, एक नाक की कील, 27 बिछिया, छह जोड़ी पायल, बच्चे के हाथ का कड़ा व 83273 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।




