विपक्षी नेताओं के पोस्टर वाले प्रदर्शन पर स्पीकर बिरला खफा, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली:
संसद में आज भी हंगामा देखने को मिल रहा है. कांग्रेस सांसदों ने सोमवार को पोस्टरों से प्रदर्शन किया. मंगलवार को संसद में पोस्टर वाले प्रदर्शनों पर लोकसभा अध्यक्ष खफा नजर आए और उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की. इस पर विपक्ष हंगामा करने लगा, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा. संसद में इससे पहले सोमवार को सत्ता पक्ष के सांसदों की ओर से कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर जॉर्ज सोरेस के साथ संबंधों का बात कहने और जांच की मांग पर सदन में खासा हंगामा रहा. इस कारण लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही पूरे दिन नहीं चल पाई. संसद में आज भी कोई काम हो पाएगा, ऐसे आसार नजर नहीं आ रहे हैं. विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
लोकसभा में मंगलवार को हंगामे के चलते बेहद अहम प्रश्नकाल की कार्यवाही एक बार फिर धुल गई. लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर ओम बिरला ने संसद परिसर में पोस्टरों के साथ किए जा रहे विपक्ष के प्रदर्शन पर ऐतराज जताया. उन्होंने बड़े दुखी मन से कहा कि जिस तरह से संसद की मर्यादा तोड़ी जा रही और विपक्ष के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हो रहे हैं, वह बेहद अशोभनीय है.
राज्यसभा में सोमवार को लगातार जबरदस्त हंगामा बना रहा. सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित की गई. जेपी नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी के सदस्य गंभीर विषय पर नियम 267 के तहत चर्चा करना चाहते हैं. कांग्रेस ने इस पर हैरानी जताई. कांग्रेस ने कहा कि विपक्ष अपनी आवाज उठाने के लिए संसद में नियम 267 के तहत चर्चा की मांग करता रहा है, लेकिन यह पहली बार है जब सत्ता पक्ष ऐसा कर रही है.




