नागपुर में थे पार्षद फिर धीरे-धीरे बढ़ा राजनीति में कद, करने लगे महाराष्ट्र पर राज, जानें नए सीएम देवेंद्र फडणवीस के बारे में सबकुछ

महाराष्ट्र में काफी खींचतान के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो चुका है. देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के नए सीएम होंगे. बीजेपी के विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया. फडणवीस का राजनीतिक करियर उनके लिए अभी तक एक सुनहरे दौर की तरह रहा है, जिसमें उन्हें काफी उतार चढ़ाव देखने पड़े.
अपने नेतृत्व कौशल, व्यावहारिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाने वाले फडणवीस ने न केवल अपनी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भीतर, बल्कि राजनीतिक सीमाओं से परे भी नाम कमाया है. आपातकाल के दौरान उनके पिता की जेल की सजा ने उन पर गहरा प्रभाव छोड़ा. आपातकाल के दौरान, जब उनके पिता को सरकार का विरोध करने पर जेल में डाल दिया गया था, तो फडणवीस ने इंदिरा कॉन्वेंट में अपनी स्कूली शिक्षा जारी रखने से इनकार कर दिया और नागपुर के सरस्वती विद्यालय में दाखिला ले लिया. उन्होंने लॉ से ग्रेजुएशन किया इसके अलावा उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई भी की.
देवेंद्र फडणवीस की राजनीतिक यात्रा कम उम्र में ही शुरू हो गई थी। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में सक्रिय रूप से शामिल थे, जहां उन्होंने सामाजिक सुधारों और युवाओं को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.




