चंदौली: पहले कराया मुंडन फिर मुंह पर पोती कालिख,तब जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया, महिलाओं का आक्रोश आया सामने...

ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली
चंदौली/धीना: खबर जनपद चंदौली से है जहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा। वीडियो में आप सहज देख सकते हैं कि कुछ आक्रोशित महिलाएं एक व्यक्ति का मुंडन कराकर उसके मुंह पर कालिख पोतने के बाद उसे जूते की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमा रहीं हैं। बता दें कि युवक पर एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और बहला फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोपी है। आक्रोशित महिलाओं के इस कृत्य की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को काफी मशक्कत के बाद समझा बुझाकर मामले को शांत कराया है।
जानकारी के अनुसार चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में मजरा में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी 50 वर्षीय एक व्यक्ति को महिलाओं ने पकड़कर उसका सिर मुंडन कराकर, मुंह पर कालिख पोता फिर उसे जूते की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। महिलाओं के अनुसार पेशे से 50 वर्षीय राजमिस्त्री नशे की हालत में 12 साल की एक मंदबुद्धि बालिका से दुष्कर्म को अंजाम दिया। बालिका के पिता की कुछ वर्ष मृत्यु हुई थी, 05 नवंबर को बहला फुसलाकर आरोपी व्यक्ति उसे अपने घर ले गया। बालिका के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़कर आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन ग्रामीणों के दबाव के आगे आपसी समझौता हो गया।
यह बात आक्रोशित महिलाओं को नागवार गुजरी तो उन्होंने आरोपी को पकड़कर पहले उसका सिर मुंडन कराया और चेहरे पर कालिख पोतने के बाद उसके गले में जूते चप्पलों की माला पहनाकर उसे पूरे गांव घुमाने लगीं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया।
हालांकि इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज ने बताया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।पूरे प्रकरण की जानकारी की जा रही है और इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




