Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कांग्रेस सरकार में सुबह घोटाला तो शाम को होती थीं आतंकी घटनाएं, सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला हमला

कांग्रेस सरकार में सुबह घोटाला तो शाम को होती थीं आतंकी घटनाएं, सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला हमला
X

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार में सुबह घोटाला और शाम को आतंकी घटनाएं होती थीं। सपा की पूर्ववर्ती सरकार रामभक्तों पर गोलियां चलवाती थी। आज रामभक्तों पर पुष्प वर्षा हो रही है। कांग्रेस व सपा की सरकार आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेती थी। आज आतंकवादी जहन्नुम पहुंच रहे हैं। बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं में योगी सपा और कांग्रेस पर हमलावर रहे। कहा कि लोगों के मन में 'एक बार फिर मोदी सरकार' का नारा गूंज रहा है।

बस्ती से भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के पक्ष में नगर बाजार के जनता इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित जनसभा में योगी ने कहा कि हमने जो वादा किया था, उसे पूरा किया। हम राम को लाये हैं। अब आप मोदी को फिर लाएं। एक तरफ राम भक्त दूसरे तरफ रामद्रोही हैं। मुंडेरवा की चीनी मिल सपा के समय बंद हुई थी, मैंने इसे चालू करा दिया। कहा कि सपा आतंकवादियों की समर्थक है। अभी एक माफिया मरा तो सपा के लोग मातम मनाने चले थे।

डुमरियागंज से भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल के समर्थन में डुमरियागंज नगर पंचायत के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने सपा व कांग्रेस पर हमला बोला।

कहा कि सपा प्रदेश में 63 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, सब जगह उसकी जमानत जब्त हो रही है। कहा कि हमारी सरकार में गुंडे व भू माफिया जेल में हैं, कुछ का राम नाम सत्य हो गया है कुछ को उल्टा लटका दिया गया। सपा माफियाओं को संरक्षण देती है। इसलिए हमारे इस कदम से उसको पीड़ा हो रही है। कांग्रेस के शासनकाल में रोज आतंकी हमले होते थे। आज सीमा पार के आतंकी खामोश हो गए हैं। सपा व कांग्रेस बोलती है कि पाकिस्तान के खिलाफ न बोलो, उसके पास एटम बम है.. तो हमारे पास पटाखा है क्या? यदि पड़ोसी ने दुस्साहस किया तो नक्शे से उसका नामो निशान मिट जाएगा।

संत कबीर नगर से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद के समर्थन में मेंहदावल के प्रेमलता महिला महाविद्यालय में आयोजित जनसभा में योगी ने कहा कांग्रेस सरकार में सुबह घोटाला और शाम को आतंकी घटनाएं होती थीं। दस वर्षों की सरकार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के पुराने अतीत व विरासत को समृद्ध किया। पूरे विश्व में भारत का डंका बजा। अयोध्या का भव्य राम मंदिर हमारे 500 वर्षों के तपस्या को सार्थक करने वाला है। आज हर जगह लोग कह रहे हैं कि जो राम को लाए हैं हम उनको लायेंगे। पांच चरणों के चुनाव में भाजपा बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है।

Next Story
Share it