अंसार सभा का ऐलान: ममता बनर्जी के समर्थन में वोट करने की अपील

मुरादाबाद/कोलकाता। ऑल इंडिया मोमिन अंसार सभा ने वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में बड़ा फैसला लिया है। इस संबंध में संगठन के शीर्ष नेतृत्व की ओर से अपील जारी की गई है।
सभा के मंडल अध्यक्ष हाजी तालिब अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुहम्मद अकरम अंसारी तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम अंसारी ने संयुक्त रूप से समाज के लोगों से अपील की है कि वे आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी के समर्थन में मतदान करें।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने अपने कार्यकाल में समाज के पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों तथा कमजोर तबकों के हितों को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में राज्य में विकास, सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे को मजबूती मिली है।
हाजी तालिब अंसारी ने आगे कहा कि संगठन का मानना है कि तृणमूल कांग्रेस की नीतियां आम जनता, विशेषकर वंचित वर्गों के लिए लाभकारी रही हैं। इसी को देखते हुए संगठन ने यह निर्णय लिया है कि आगामी चुनाव में पूर्ण समर्थन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है, जिसमें संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को समर्थन के लिए प्रेरित करें।
अंत में उन्होंने कहा कि यह समर्थन राज्य में शांति, सौहार्द और विकास को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से दिया जा रहा है, और संगठन पूरी मजबूती के साथ इस अभियान में जुटेगा।




