बिलारी सीएचसी बिलारी महिला चिकित्सालय का निरीक्षण, मातृ-शिशु सुरक्षा पर विशेष फोकस

बिलारी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलारी स्थित महिला चिकित्सालय का निरीक्षण चिकित्सक डॉ. विजुल द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत डॉ. विजुल ने समस्त स्टाफ नर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ के साथ एक सहयोगात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में विशेष रूप से प्रसव (डिलीवरी) से संबंधित व्यवस्थाओं तथा नवजात शिशुओं को समय से एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) में भर्ती कर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रसव के बाद नवजात की स्थिति पर विशेष निगरानी रखते हुए जरूरत पड़ने पर बिना विलंब के एसएनसीयू में भर्ती सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और बेहतर प्रबंधन से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की आवश्यकता है।
बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेशम, मुरादाबाद टीम के साथ पहुंचे डॉ. विभोर जैन, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक चंचल सिंह आजाद, एआरओ विकेश कुमार एवं अमित कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने सुझाव साझा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर बल दिया।




