नाले से मिला लापता सफाईकर्मी मनोज का शव, नानपारा में सनसनी

अनवार खाँ मोनू
बहराइच। नानपारा में दो दिन से लापता नगर पालिका सफाईकर्मी मनोज का शव बुधवार दोपहर कालीकुंड मंदिर के सामने बह रहे नाले से मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने नाले में एक शव तैरता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सेकंड मोबाइल पर तैनात उपनिरीक्षक जितेंद्र गौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव औंधे मुंह पड़ा था और हालत से अंदेशा हुआ कि वह कई घंटों से पानी में था।
शव को बाहर निकालकर पहचान की गई तो वह सफेद टी-शर्ट और सफेद पैंट पहने 37 वर्षीय मनोज निकला। मौके पर पहुंची उसकी पत्नी सुषमा वाल्मीकि ने भी शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि मनोज दो दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी संभावित कोणों से पड़ताल कर रही है।




