गिलौला में पशु चिकित्सक पर गंभीर आरोप - मुँहमांगी रकम न देने पर गर्भवती गाय की मौत, पीड़ित ने सीएम पोर्टल पर लगाई गुहार- डॉक्टर का पक्ष भी आया सामने

श्रावस्ती। जिले के गिलौला बाज़ार क्षेत्र के गोपालपुर गांव में एक गर्भवती गाय की संदिग्ध मौत ने पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव निवासी गोविंद पुत्र मनीराम ने गिलौला पशु चिकित्सालय में तैनात डॉक्टर राणा प्रताप वर्मा पर गलत इलाज, लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाया है।
गोविंद के अनुसार, उसकी गर्भवती गाय को बुखार होने पर उसने डॉक्टर को बुलाया। आरोप है कि डॉक्टर ने इलाज से पहले मुँहमांगी रकम की मांग की और इच्छानुसार पैसा न मिलने पर गाय का उचित उपचार नहीं किया। मेडिकल स्टोर से मंगाई गई सुई की बोतल लगाने के बाद गाय की हालत और बिगड़ गई, और प्रसव के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीड़ित के शब्द—
“डॉक्टर की सुई लगते ही मेरी गाय तड़पने लगी… बच्चा हुआ और गाय मर गई। फिर भी डॉक्टर राणा प्रताप वर्मा ने एक हजार रुपये ले लिए।”
ग्रामीणों के अनुसार, पशु चिकित्सक की लापरवाही और रवैये ने एक बेजुबान की जान ले ली, जिससे पूरे गांव में आक्रोश है।
डॉक्टर का पक्ष
पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों पर डॉक्टर राणा प्रताप वर्मा से उनके मोबाइल नंबर 8382868757 पर संपर्क किया गया।
बातचीत के दौरान उन्होंने पहले तो प्रश्नों से बचने की कोशिश की, लेकिन देर बाद उन्होंने कहा—
“पशु चिकित्सा केंद्र में सरकार दवा नहीं दे रही है। मजबूरी में मेडिकल स्टोर से दवा मंगवाकर इलाज किया। बाकी मैं गाय बचाने के लिए नहीं बैठा था।”
डॉक्टर के इस बयान ने ग्रामीणों की नाराज़गी को और बढ़ा दिया है, क्योंकि उनका कहना है कि चिकित्सक द्वारा खुले तौर पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाया गया।
गोविंद ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराते हुए आरोपी डॉक्टर पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हैं।




