मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं को किया जागरूक, नोट कराए हेल्पलाइन नंबर

बिलारी। थाना सोनकपुर क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। कांस्टेबल आशा रानी ने विभिन्न योजनाओं एवं सुरक्षा सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर हेल्पलाइन 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 आदि महत्वपूर्ण नंबर नोट कराए। इन सेवाओं का उपयोग किस प्रकार और किन परिस्थितियों में करना है, यह भी समझाया।
उप निरीक्षक श्रवण कुमार के निर्देशन में इस कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल आशा ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक पहल बताया। थाना सोनकपुर पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। Waris Pasha




