अखबारों की खबरें आज भी विश्वसनीयता का पैमाना: सूर्यप्रताप शाही

पूर्ण सत्य प्रस्तुत करना पत्रकारों का दायित्व, ग्रामीण पत्रकारिता बेहद चुनौतीपूर्ण
कुशीनगर, संवाददाता भगवन्त यादव
डिजिटल युग में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के बीच भी अखबारों की खबरें आज विश्वसनीयता का प्रमुख आधार हैं। यह बात प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने पडरौना में आयोजित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रांतीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सनसनीखेज खबरों से बचते हुए तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों का दायित्व है कि वे अर्धसत्य से बचते हुए समाज के सामने पूर्ण सत्य प्रस्तुत करें। वहीं कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे ने ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण बताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन के दौरान संगठन की ओर से सात सूत्रीय मांग पत्र भी मुख्य अतिथि को सौंपा गया।




