पत्रकार नरेन्द्र भारद्वाज आईजेयू के राष्ट्रीय सचिव निर्वाचित, पत्रकारों में खुशी की लहर

मथुरा। इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (आईजेयू) की विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में आयोजित तीन दिवसीय 11वीं प्लेनरी बैठक में उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, मथुरा इकाई के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज को राष्ट्रीय सचिव पद पर निर्वाचित किया गया है। उनके निर्वाचन से मथुरा सहित पूरे प्रदेश के पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं शाहजहांपुर के वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र सिंह को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य चुना गया है।
आईजेयू के 11वें प्लेनरी सत्र का उद्घाटन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने किया। इस सम्मेलन में देशभर के 27 राज्यों से यूनियन से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। चुनाव अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार एम. ए. मजीद ने चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए नई केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
नरेन्द्र भारद्वाज के राष्ट्रीय सचिव बनने पर स्थानीय पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा पत्रकार हितों के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं। उन्होंने न केवल पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाया, बल्कि संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकारों को एकजुट रखने में भी अहम भूमिका निभाई है।
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री रमेश शंकर पांडेय ने कहा कि नरेन्द्र भारद्वाज और रविन्द्र सिंह के चयन से प्रदेश के पत्रकारों को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसे उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मेलन में मथुरा से जिला महासचिव रमेश चंद, वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा, मोहन मीना, बी. एल. पांडेय और आबिद ने भी सहभागिता की।




