Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक मनाई सम्राट अशोक जयंती

सपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक मनाई सम्राट अशोक जयंती
X

कलिंग युद्ध के बाद अपनाए अहिंसा के मार्ग को बताया आज भी प्रासंगिक

बिलारी :

क्षेत्र में सम्राट अशोक की जयंती शुक्रवार को सादगी और श्रद्धा के साथ मनाई गई। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सपा कैंप कार्यालय एमआई हाउस में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने मुख्य रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सम्राट अशोक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी पुष्प अर्पित कर महान सम्राट को श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कलिंग युद्ध के बाद अशोक ने हिंसा का त्याग कर शांति, अहिंसा और मानवता का मार्ग अपनाया, जो आज के समय में भी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आगे कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता बनाए रखना ही सम्राट अशोक को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान एडवोकेट, रवि मौर्य, मनोज मौर्य, किशन लाल मौर्य, जद्दन, अरविंद सिंह, सुक्खी, नीरज मौर्य समेत क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— वारिस पाशा, बिलारी

Next Story
Share it