Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

वीर पत्नियों के सम्मान समारोह से शिवपाल का हुंकार, बोले – किसान और नौजवान परेशान, सरकार को जनता जवाब देगी

वीर पत्नियों के सम्मान समारोह से शिवपाल का हुंकार, बोले – किसान और नौजवान परेशान, सरकार को जनता जवाब देगी
X

रिपोर्ट : विजय तिवारी

प्रयागराज।

जगतपुर में शहीदों की वीर पत्नियों का सम्मान, शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर साधा निशाना शिवपाल सिंह यादव ने प्रयागराज के हंडिया तहसील अंतर्गत जगतपुर स्थित एक निजी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शहीद सैनिकों की वीर पत्नियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सरकार को जनता की अपेक्षाओं पर खरा न उतरने का आरोप लगाया।

बुधवार को जगतपुर स्थित सैनिक पीजी कॉलेज परिसर में वीर शहीदों की वीर पत्नियों का सम्मान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी संतोष आर्मी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जनपद के शहीद सैनिकों की कुल 11 वीर पत्नियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शहीद परिवारों का सम्मान और उनके योगदान को याद करना रहा।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों को सम्मान देने की परंपरा समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव द्वारा शुरू की गई थी और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।

अपने संबोधन में शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अब तक की सबसे बेईमान सरकार है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में किसान, नौजवान और आम जनता सभी परेशान हैं और मूलभूत सुविधाओं के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए काम करें।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि अनुशासन में रहकर ही संगठन और देश को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने शहीदों के परिवारों, विशेषकर उनकी पत्नियों और माता-पिता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता बताई और कहा कि शहीदों की वीर पत्नियों का सम्मान करना हम सभी के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिक भी मौजूद रहे, जिन्हें कार्यक्रम आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव, पूर्व विधायक मुज्तबा सिद्दीकी, हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, पूर्व विधायक जोखू लाल यादव, अमरनाथ मौर्य, निधि यादव, जिला अध्यक्ष अनिल यादव सहित कई नेताओं और वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार रामहित यादव ने की तथा संचालन लल्लन राय ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जिनका समाजसेवी संतोष आर्मी और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत और सत्कार किया गया। कार्यक्रम का माहौल भावुक और गौरवपूर्ण रहा, जहां शहीदों के परिवारों के सम्मान के साथ उनके बलिदान को याद किया गया।

Next Story
Share it