बिलारी में दिखी गंगा–जमुनी तहज़ीब, विधायक फहीम इरफ़ान के परिवार ने पेश की मिसाल

बिलारी। क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद फहीम इरफ़ान की भतीजी सलवा (पुत्री वसीम इरफ़ान) का वैवाहिक समारोह शाहाबाद रोड स्थित रॉयल बैंक्विट हॉल में अत्यंत धूमधाम और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा, जिसमें सभी धर्मों के हजारों लोगों ने भाग लेकर सामूहिक भोज का आनंद लिया।
समारोह की विशेषता यह रही कि नवरात्रि के पावन अवसर के सम्मान में पूरे कार्यक्रम में केवल शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसा गया। सामान्यतः मुस्लिम समाज के विवाह समारोहों में मांसाहारी व्यंजन प्रमुख होते हैं, लेकिन इस आयोजन में शाकाहारी व्यवस्था कर सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान का एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। लोगों ने इसे गंगा–जमुनी तहज़ीब की जीवंत मिसाल बताया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आमजन से लेकर विशिष्ट अतिथियों तक सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने वाला कदम बताया। हालांकि कुछ विरोधियों ने इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से देखने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश लोगों ने इसे सकारात्मक पहल के रूप में स्वीकार किया।
समारोह में उपस्थित कथावाचक ओम शास्त्री ने कहा, “यह आयोजन केवल एक विवाह नहीं, बल्कि हमारी साझा संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। नवरात्रि के सम्मान में शाकाहारी भोजन की व्यवस्था कर आयोजकों ने समाज को जोड़ने का कार्य किया है। माता रानी नवदंपति को सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन प्रदान करें।”
भव्य सजावट, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच सम्पन्न यह समारोह न केवल एक पारिवारिक आयोजन रहा, बल्कि सामाजिक एकता, पारस्परिक सम्मान और सांस्कृतिक समन्वय का संदेश देने वाला एक यादगार अवसर बन गया।




