Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

आईआईटी पटना के शोधार्थी डॉ. सौरभ शुक्ला का शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल में चयनित

आईआईटी पटना के शोधार्थी डॉ. सौरभ शुक्ला का शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल में चयनित
X

बार्सिलोना में आयोजित SDSS 2025 सम्मेलन में भी प्रस्तुत कर चुके हैं शोध

भगवन्त यादव, संवाददाता

उत्तर प्रदेश के जनपद सुल्तानपुर के विवेक नगर निवासी स्वर्गीय उमेश चंद्र शुक्ला के सुपुत्र, आईआईटी पटना से जुड़े शोधार्थी डॉ. सौरभ शुक्ला ने शोध के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर जिले और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

डॉ. शुक्ला का शोध नीदरलैंड के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल Journal of Constructional Steel Research में चयनित हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।

यह जर्नल सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में संरचनात्मक स्टील अनुसंधान और उसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर नवीनतम शोध प्रस्तुत करने के लिए विश्वभर में प्रतिष्ठित माना जाता है। ऐसे मंच पर शोध का चयन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

डॉ. शुक्ला के शोध का विषय है —

“अग्नि की स्थिति में छिद्रयुक्त प्लेट गर्डर का विश्वसनीयता-आधारित व्यवहार एवं डिजाइन प्रस्ताव”।

इस शोध में एक उन्नत डिजाइन पद्धति प्रस्तुत की गई है, जिसमें तापमान और संरचनात्मक विन्यास के आधार पर शीयर स्ट्रेंथ में होने वाली कमी का आकलन करने हेतु एक सामान्यीकृत समीकरण विकसित किया गया है। यह कार्य संरचनात्मक अग्नि अभियांत्रिकी तथा सुरक्षित स्टील संरचना डिजाइन के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है।

डॉ. शुक्ला ने न केवल अंतरराष्ट्रीय जर्नल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, बल्कि उन्होंने अपना शोध SDSS 2025 जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भी प्रस्तुत किया है, जो स्पेन के Barcelona में आयोजित हुआ था। यह सम्मेलन स्टील संरचनाओं की स्थिरता और डक्टिलिटी पर केंद्रित विश्व के प्रमुख सम्मेलनों में शामिल है।

डॉ. सौरभ शुक्ला के कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र पहले भी चयनित हो चुके हैं और उन्हें विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

उनकी इस सफलता से माता सहित पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे जनपद सुल्तानपुर के लिए गर्व का विषय बताया है।

डॉ. शुक्ला की यह उपलब्धि निश्चित रूप से युवा शोधार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Next Story
Share it