प्रतापगढ़ में पूर्व प्रधान की हत्या : प्रेमिका ने भाई और दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश, बोरे में भरकर नहर किनारे फेंका शव

रिपोर्ट : विजय तिवारी
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पूर्व ग्राम प्रधान की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहित महिला पर अपने प्रेमी की हत्या कराने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर पूर्व प्रधान की लोहे की रॉड से हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर नहर किनारे फेंक दिया।
यह पूरा मामला मांधाता कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
18 मार्च से लापता था पूर्व प्रधान
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुमेरपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना (लगभग 50 वर्ष) 18 मार्च की शाम घर से बाइक लेकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने मांधाता कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और सबसे पहले पूर्व प्रधान के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवाई। कॉल डिटेल से पुलिस को एक महिला से लगातार बातचीत होने की जानकारी मिली, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
मोबाइल कॉल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस 21 मार्च को संदिग्ध महिला तक पहुंच गई। पुलिस पूछताछ में महिला ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की साजिश और वारदात की पूरी कहानी बता दी।
इसके बाद महिला की निशानदेही पर रविवार को नहर किनारे बोरे में बंद पूर्व प्रधान का शव बरामद कर लिया गया। शव बरामद होने की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रेम संबंध, दबाव और ब्लैकमेल से परेशान थी महिला
पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व प्रधान का इलाके की एक विवाहित महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान महिला पर मिलने का दबाव बना रहा था और कथित रूप से उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
18 मार्च को महिला अपने मायके आई थी। उसी दौरान उसने पूर्व प्रधान को मिलने के लिए बुलाया। जब पूर्व प्रधान वहां पहुंचा तो पहले से महिला का भाई और उसका एक दोस्त वहां मौजूद थे।
जैसे ही पूर्व प्रधान कमरे में पहुंचा, तीनों ने मिलकर लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों ने शव को बोरे में भरा और रात में नहर किनारे ले जाकर फेंक दिया।
मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार
पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी महिला सुमन गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के भाई और उसके दोस्त की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह हत्या अवैध संबंध, दबाव और ब्लैकमेल से जुड़े विवाद के कारण की गई प्रतीत होती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दो शादियां, 18 बच्चों का पिता था पूर्व प्रधान
पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी किस्मतुल निशा और दूसरी पत्नी अम्बिया बानो बताई जा रही हैं। दोनों पत्नियों से उसके कुल 18 बच्चे हैं – पहली पत्नी से 9 और दूसरी पत्नी से भी 9 बच्चे। पूरा परिवार एक साथ रहता था।
मुस्तका गुलशन वर्ष 2016 में मिश्रपुर गांव का प्रधान चुना गया था, लेकिन 2021 के पंचायत चुनाव में वह हार गया था।
गांव में फैली सनसनी, पुलिस कर रही जांच
पूर्व प्रधान की हत्या और शव बरामद होने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




