जुमा अलविदा पर जामा मस्जिद में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अकीदत के साथ अदा की गई नमाज

वारिस पाशा बिलारी
बिलारी के मोहम्मद इब्राहिमपुर स्थित जामा मस्जिद में रमजान के आखिरी जुमा, यानी जुमा अलविदा की नमाज बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। इस मौके पर सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ मस्जिद परिसर में जुटनी शुरू हो गई थी।
नमाज अदा करने के लिए आसपास के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे मस्जिद के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर तक नमाजियों की लंबी कतारें दिखाई दीं।
इस पवित्र अवसर पर इमाम साहब ने रमजान की अहमियत, रोज़े के महत्व और आपसी भाईचारे पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में अमन-चैन, एकता और इंसानियत को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही देश और समाज की तरक्की के लिए विशेष दुआएं भी की गईं।
नमाज के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर जुमा अलविदा की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
रमजान के इस आखिरी जुमा का मुस्लिम समाज में विशेष महत्व होता है और इसे पूरे महीने की इबादत का अहम पड़ाव माना जाता है। इसी के साथ अब ईद-उल-फितर की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।




