भ्रष्टाचार पर अधिकारियों की चुप्पी! सपा ने उठाया सवाल,लगाया बड़ा आरोप

ब्यूरो रिपोर्ट, चंदौली
चंदौली: जनपद में परिवहन विभाग में अवैध वसूली का प्रकरण तुल पकड़ता दिखाई दे रहा है।विदित हो कि ARTO डॉ. सर्वेश गौतम और उनकी टीम पर ट्रकों से अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले ने तब तूल पकड़ा जब एक शिकायतकर्ता ने 135 से अधिक ट्रकों से वसूली की कथित लिस्ट सार्वजनिक की, जिसमें ट्रकों के नंबर सिलसिलेवार दर्ज बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वसूली केवल एक ट्रांसपोर्टर तक सीमित नहीं थी, बल्कि कई ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों से नियमित रूप से अवैध वसूली की जा रही थी। मामले के उजागर होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ARTO टीम के सिपाही दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इधर, इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ गैस की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया, बल्कि चंदौली में बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने परिवहन मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब विभाग में दलालों का जमावड़ा लगा रहता है तो भ्रष्टाचार पर अंकुश कैसे लगेगा।उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिकायतकर्ता ने पूरे साक्ष्य प्रशासन को सौंप दिए हैं, तो अब तक भ्रष्टाचार में लिप्त ARTO के खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने डीएम की चुप्पी पर भी बड़ा सवालिया निशान लगाया ।सपा ने इस पूरे मामले में तत्काल जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं सूत्रों की माने तो लंगोटिया यार और सहपाठी जो जिले में बड़े अधिकारी के पद पर विराजमान हैं, अपने सखा के कथित कुकृत्यों पर पर्दा डालने में तल्लीन हैं। बड़ा सवाल भी है उच्चाधिकारियों के पार्टी /फंक्शन में ' साधन सम्पन्नता ' और सहूलियत का ध्यान कौन रखेगा। फिलहाल, यह मामला जांच के अधीन है और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




