Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव में निपुण भारत और बुनियादी शिक्षा पर हुआ मंथन

हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव में निपुण भारत और बुनियादी शिक्षा पर हुआ मंथन
X


​प्रतिभाशाली बच्चों और शिक्षकों को किया सम्मानित

​बिलारी। विकासखंड बिलारी में शुक्रवार को 'हमारा आंगन-हमारे बच्चे' उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी नरेश पाल सिंह एवं आंगनवाड़ी सुपरवाइजर शिवकुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कंपोजिट विद्यालय अलहदादपुर देवा के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

​बुनियादी शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और निपुण भारत मिशन के परिप्रेक्ष्य में पूर्व-प्राथमिक एवं बुनियादी शिक्षा के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि बीडीओ ने 'माता उन्मुखीकरण' कार्यक्रम और 'आदर्श बाल वाटिका' की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों की शुरुआती शिक्षा ही उनके भविष्य का आधार है। खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार ने पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए शिक्षकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रेरित किया।

​विशेषज्ञ के तौर पर

​एआरपी अक्षय कुमार: प्री-प्राइमरी शिक्षा में राज्य सरकार के प्रयासों तथा 'स्कूल रेडीनेस' (फेज-1 व फेज-2) के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

​एसआरजी संजय विशाल नेगी एवं डॉ. रितु त्यागी ने बाल वाटिका में चल रहे विभिन्न नवाचारों और शैक्षिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। शिक्षिका हिमानी भटनागर, सीमा यादव और बरखा ने प्रभावी टीएलएम का प्रदर्शन किया, जबकि आंगनवाड़ी सुपरवाइजरों द्वारा 'वंडर बॉक्स' के माध्यम से शिक्षण विधियों को दर्शाया गया।

​उत्सव के दौरान बाल वाटिका और आंगनवाड़ी केंद्रों के 45 बच्चों को मुख्य अतिथि एवं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, ब्लॉक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

​इस अवसर पर एआरपी मोहर सिंह, भुवनेश कुमार, राजीव कुमार, वरुण, राजबहादुर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, फरहत अली, नाजिम हुसैन, सिम्मी सदफ, रविंद्र कुमार, दिलशाद हुसैन, मोहम्मद इलियास, अखलाक हुसैन, बरखा, सतीश चंद्र, पूनम, प्रमोद कुमार, सारिका, अजय कुमार, नीतू चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।​

कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक विद्यालय नरसरा के प्रधानाध्यापक ईश्वरचंद्र एवं एआरपी अक्षय कुमार ने किया।

Waris Pasha bilari

Next Story
Share it