Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज, इटावा में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का षष्ठम् दिवस संपन्न

कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज, इटावा में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का षष्ठम् दिवस संपन्न
X


कर्म क्षेत्र पी.जी. कॉलेज, इटावा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह के संरक्षण में आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम् दिवस पर ग्राम सराय एसर में प्रौढ़ शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही स्वयंसेवक एवं स्वयं सेविकाओं को प्राकृतिक शिक्षा तथा योग के महत्व के विषय में जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सिद्धार्थ ने योग के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए अष्टांगिक मार्ग एवं विभिन्न योगासनों की जानकारी स्वयंसेवकों को दी। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से ही मनुष्य अपने शरीर और मन को स्वस्थ रख सकता है तथा एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकता है।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत कुमार दीक्षित ने जीवन में प्राकृतिक शिक्षा और योग के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला।

सप्त-दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम् दिवस की शुरुआत ग्राम सराय एसर के पंचायत भवन में हुई, जहाँ स्वयंसेवकों ने सर्वप्रथम साफ-सफाई का कार्य किया। इसके पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत गाया गया। तत्पश्चात स्वयंसेवक एवं स्वयं सेविकाओं ने गाँव में जाकर प्रौढ़ शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें ग्रामवासियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत कुमार दीक्षित एवं अन्य साथियों ने ग्रामीणों को प्रौढ़ शिक्षा के महत्व और उपलब्ध साधनों के विषय में जानकारी दी। शिविर में सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। इसके उपरांत उन्हें प्राकृतिक शिक्षा एवं योग के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा योग के माध्यम से स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वयंसेवकों एवं स्वयं सेविकाओं ने योग से संबंधित विभिन्न जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई।

दिनभर की गतिविधियों का अवलोकन किया गया तथा स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। अंत में राष्ट्रगान के साथ दिवस का समापन हुआ।

इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. नमिता पांडेय, डॉ. नीता पांडेय सहित अन्य शिक्षकगण तथा स्वयंसेवक एवं स्वयं सेविकाएँ उपस्थित रहीं।

Next Story
Share it