कमजोर वर्ग की मदद करना केयर टीम का उद्देश्य

एम्प्लाई नान एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम ने मनाई तीसरी वर्षगांठ, समाज सेवा के कार्यों की सराहना
दिनेश शर्मा
अयोध्या।
समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना एम्प्लाई नान एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम का मुख्य उद्देश्य है। इसी संकल्प के साथ टीम ने दर्शन नगर स्थित हरि पैलेस मैरिज लॉन में अपनी तीसरी वर्षगांठ उत्साहपूर्वक मनाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्य व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष कैप्टन प्रकाश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने टीम के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे संगठनों की जरूरत है जो जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
इस अवसर पर सह संस्थापक अमित कुमार सिंह ने संस्था की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि टीम समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
संस्थापक नवनीत ने कहा कि एम्प्लाई नान एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी टीम है, जो बिजनेसमैन, किसान और मजदूर जैसे विभिन्न वर्गों को साथ लेकर सहयोग का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि टीम द्वारा बेटी विवाह शगुन सहयोग, नामिनी को आर्थिक सहायता तथा दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहयोग जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भास्कर यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश का कोई भी व्यक्ति टीम की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर सदस्य बन सकता है और टीम द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकता है।
वहीं सह संस्थापक एसपी सिंह ने बताया कि टीम की ओर से पहला नामिनी को आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा चुका है।
कार्यक्रम में हिमांशु त्रिपाठी, विश्वास यादव, जितेंद्र यादव, सुदर्शन त्रिपाठी, संजीव कुमार यादव, शिवराम वर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।




