Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

होली पर नगर पालिका अलर्ट: सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखने की अपील

होली पर नगर पालिका अलर्ट: सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
X

बिलारी। होली का पर्व प्रारंभ हो चुका है। नगर में लोग अपने घरों में गुजिया, कचरी, पापड़ आदि पारंपरिक व्यंजन बनाने में व्यस्त हैं। वहीं पुलिस प्रशासन भी होली को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की रणनीति में जुटा हुआ है।

इधर नगर पालिका प्रशासन ने भी होली को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की हैं। इस संबंध में पालिका चेयरमैन रघुराज सिंह यादव ने स्टाफ की बैठक बुलाकर तैयारियों की समीक्षा की। नगर क्षेत्र के सभी होलिका दहन स्थलों पर कान्हा गौशाला से उपले और आवश्यक लकड़ी की व्यवस्था कराई जा रही है।

उन्होंने पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा समुचित सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बैठक के बाद चेयरमैन ने टीम के साथ नगर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

नगरवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि होली का त्योहार उसकी मूल भावना के अनुरूप पवित्रता के साथ मनाएं। सूखे रंगों का प्रयोग करें तथा जिन्हें रंगों से एलर्जी या परहेज हो, उन पर जबरन रंग न लगाएं। प्रेमपूर्वक गले मिलें, गुजिया खिलाएं और कोई ऐसा कार्य न करें जिससे किसी की भावना आहत हो।

उन्होंने नागरिकों से नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में पालिका प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की। साथ ही कहा कि ईर्ष्या, द्वेष, वैमनस्य और भेदभाव को होली की अग्नि में भस्म कर आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ बिलारी की एकता को और मजबूत करें।

उन्होंने कहा, “यह त्योहार हम सभी का है, इसे मिल-जुलकर मनाएं।”

— वारिस पाशा, बिलारी

Next Story
Share it