अखिलेश यादव पर अश्लील गाना वायरल, अयोध्या में संत समाज में रोष

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरुद्ध सोशल मीडिया पर एक कथित रूप से अश्लील एवं आपत्तिजनक गाना/वीडियो प्रसारित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय जिद्दी नामक व्यक्ति द्वारा एक वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल किया गया, जिसमें अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए अखिलेश यादव एवं उनके परिवार को लक्ष्य बनाया गया है। इस घटना से जनमानस एवं संत समाज में रोष व्याप्त है।
इस संदर्भ में अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के श्री महंत महंत मनीरामदास द्वारा स्थानीय राम जन्मभूमि थाना में लिखित तहरीर देकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
महंत मनीरामदास ने अपने वक्तव्य में कहा है कि इस प्रकार की अश्लील एवं अभद्र सामग्री समाज में वैमनस्य और असम्मान की भावना को बढ़ावा देती है, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की है।
प्रशासन द्वारा तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ किए जाने की सूचना है। आगे की कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के अनुरूप की जाएगी।




